ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत साक्षात्कार सत्र आयोजित
जोधपुर / नवज्योति
ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत जोधपुर जिले के 14 ब्लॉकों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और ग्रामीण स्तर पर सशक्तिकरण बढ़ाने के उद्देश्य से श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान, जयपुर द्वारा विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जोधपुर स्थित युवा भवन में नेशनल ट्रेनिंग अधिकारी पूर्णसिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। जिला कोऑर्डिनेटर राजूराम बिश्नोई ने बताया कि इस कार्यक्रम में कुल 485 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 263 महिलाओं का पहले चरण में चयन किया गया है, जबकि शेष रिक्त पदों पर अगले चरण में ब्लॉक स्तर पर साक्षात्कार लिए जाएंगे।
नव चयनित ग्राम शिक्षिकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा से वंचित 6 से 18 वर्ष तक के विद्यार्थियों का सर्वे कर उन्हें इस परियोजना से जोड़ेंगी तथा डिजिटल शिक्षण उपलब्ध कराएंगी।
ट्रेनिंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और स्थानीय स्तर पर सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है, जो शिक्षा, कौशल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
