शहर व गांवों में स्थापित होंगे ग्राम शिक्षा केंद्र
गंगापुर सिटी। राजस्थान के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान ने ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, स्कूल ड्रॉपआउट कम करना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा डिजिटल और व्यावसायिक कौशल विकसित करना है।
परियोजना के तहत प्रत्येक गांव में ग्राम शिक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो सामुदायिक भवन या स्वयंसेवक के घर पर संचालित होंगे। इन केंद्रों में सहायक कक्षाएं, डिजिटल शिक्षा, वयस्क साक्षरता और कौशल विकास से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएंगे। अभियान को पांच चरणों में लागू किया जाएगा, जिसमें ग्राम सर्वे, शिक्षा केंद्र स्थापना, स्वयंसेवकों की नियुक्ति, नियमित कक्षाएं और मूल्यांकन शामिल हैं।
प्रारंभिक अवधि तीन वर्ष तय की गई है। संस्थान ने ग्रामीण समुदाय, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
