टोंक: ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत एक दिवसीय इंटरव्यू सेशन आयोजित
ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान राजस्थान के तहत श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान जयपुर की ओर से टोंक जिला मुख्यालय स्थित गायत्री भवन में एक दिवसीय इंटरव्यू सेशन का आयोजन किया गया। इंटरव्यू सेशन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला अभ्यर्थियों को जिला समन्वयक संजीव सिंह बैसला सहित उनियारा ब्लॉक समन्वयक विजय सिंह मीणा ने संस्था के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए परियोजना के पूर्ण परिचय, कार्य गतिविधियों एवं उद्देश्य से अवगत कराया।
साथ ही संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत समस्त राजस्थान में ग्राम शिक्षा केंद्रों की स्थापना को लेकर मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत टोंक ब्लॉक सहित अन्य जिलों में भी ग्राम शिक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर बाल प्रेरणा शिक्षिकाओं का चयन करने के साथ वहां सहायक शैक्षिक कक्षाएं, डिजिटल कक्षा, बालिका शिक्षा, वयस्क साक्षरता एवं कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
इंटरव्यू सेशन के दौरान कार्यक्रम में टोंक ग्रामीण ब्लॉक प्रभारी सुनील कुमार जैन, टोंक शहरी क्षेत्र ब्लॉक प्रभारी अकील अहमद तथा उनियारा ब्लॉक प्रभारी विजय सिंह मीणा का विशेष सहयोग रहा।
