भीम में श्री शिक्षण एवं सेवासंस्थान द्वारा साक्षात्कार आयोजित
स्मार्ट हलचल | भीम | महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और ग्रामीण स्तर पर सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान (रजि.), जयपुर द्वारा भीम में एक विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की संस्थान की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की भीम ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुनीता चौहान, देवगढ़ ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुनीता कुमारी एवं जिला हेड मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साक्षात्कार में कुल 127 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रत्येक गांव से दो महिलाओं का चयन किया जाएगा, जिसमें प्राथमिकता भीम ब्लॉक की महिलाओं को दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित महिला अभ्यर्थियों को उनकी नियुक्ति की सूचना ई-मेल एवं फोन कॉल के माध्यम से शीघ्र ही प्रदान की जाएगी। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और स्थानीय स्तर पर सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
गौरतलब है कि श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान (रजि.) एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है, जो शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह आयोजन महिलाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए द्वार खोलने वाला साबित होगा।
