ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत साक्षात्कार सत्र आयोजित |
सिरोही – रवि मुकेश पाल सिंह
ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत सिरोही जिले के चार ब्लॉकों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने तथा ग्रामीण स्तर पर शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान, जयपुर द्वारा विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुरुवार को सिरोही स्थित वैद्यनाथ मंदिर परिसर में जोनल अधिकारी पूरण सिंह शर्मा के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला कोऑर्डिनेटर बीरबल विश्वाई ने बताया कि इस साक्षात्कार सत्र में कुल 500 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 375 महिलाओं का प्रथम चरण में चयन किया गया है। शेष रिक्त पदों के लिए आगामी चरण में ब्लॉक स्तर पर साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
चयनित महिला अभ्यर्थी ग्राम शिक्षक के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करते हुए 3 से 16 वर्ष तक के ऐसे बच्चों एवं किशोरियों का सर्वे करेंगी, जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह गए हैं। ये ग्राम शिक्षक बच्चों को इस परियोजना से जोड़कर उन्हें डिजिटल शिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराएंगी, जिससे उनकी शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर पिंडवाड़ा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मंजूला चारण, रेवदर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, सिरोही ब्लॉक सुषमा तथा शिवगंज ब्लॉक की कोऑर्डिनेटर मौजूद रही। प्रशिक्षक के दौरान बताया गया कि सभी ब्लॉकों में ऐसे बच्चों और किशोरियों की पहचान की जाएगी, जो पढ़ाई छोड़ चुके हैं या शिक्षा से दूर रह रहे हैं। उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा पुनः शिक्षा से जोड़ने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह पहल न केवल ग्रामीण बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उल्लेखनीय है कि श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान, जयपुर एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है, जो शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है और ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रहा है।
