बनेड़ा में ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत इंटरव्यू सेशन शिविर आयोजित
भीलवाड़ा फोकस @ बनेड़ा | परमेश्वरग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान द्वारा संचालित ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान राजस्थान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत में एक दिवसीय इंटरव्यू सेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला हेड अभिमन्यु जी ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में स्कूल छोड़ चुके ड्रॉपआउट बच्चों को पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
संस्था के द्वारा इस अभियान के तहत प्रत्येक केंद्र पर 30 बच्चों की टोली बनाई जाएगी, जिनके मार्गदर्शन के लिए महिला शिक्षा प्रेरकों की नियुक्ति की जाएगी। शिविर के दौरान ब्लॉक हेड द्वारा आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा साक्षात्कार के माध्यम से उनकी योग्यता का आकलन किया गया। कार्यक्रम में बनेड़ा हेड निर्मल गर्ग, मंडल हेड नरेंद्र माली, भीलवाड़ा हेड मदन सांखला, बड़लियास हेड किरण जैन सहित केंद्र के लगभग 30 गांवों से आई महिलाओं ने भाग लिया।
