चौहटन: ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत साक्षात्कार सत्र आयोजित
चौहटन / नवज्योति। ग्रामीण शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत बाड़मेर जिले के उपखंड क्षेत्र चौहटन में चौहटन, धनाऊ, सेड़वा, फागलिया एवं रामसर के 5 ब्लॉकों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और ग्रामीण स्तर पर सशक्तिकरण बढ़ाने के उद्देश्य से श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान, जयपुर द्वारा विशेष साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को चौहटन अजमीजी प्रेमजी फाउंडेशन में जोनल अधिकारी पूर्णसिंह शर्मा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
जिला समन्वयक तरुणराम ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 250 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से 150 महिलाओं का पहले चरण में चयन किया गया है, जबकि शेष रिक्त पदों पर अगले चरण में ब्लॉक स्तर पर साक्षात्कार लिए जाएंगे। नव चयनित ग्राम शिक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा से वंचित 6 से 18 वर्ष तक के शिक्षार्थियों का सर्वे कर उन्हें इस परियोजना से जोड़ेंगे और डिजिटल शिक्षण उपलब्ध कराएंगे।
