ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत इंटरव्यू सेशन आयोजित
ग्राम शिक्षा सशक्तिकरण अभियान राजस्थान के तहत श्री शिक्षण एवं सेवा संस्थान, जयपुर एवं राजस्थान सरकार की ओर से ब्यावर जिले के ब्यावर और जवाजा ब्लॉक के 60 गांवों से 150 महिलाओं को नव सृजित पंचायत समिति नवदुर्गा में एक दिवसीय इंटरव्यू सेशन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न गांवों से शामिल होने आई महिला आवेदकों को जिला समन्वयक धर्मेंद्र चंद गुर्जर ने अभियान का पूर्ण परिचय, कार्य गतिविधियां एवं उद्देश्य से अवगत कराया।
योजना के अंतर्गत समस्त राजस्थान में ग्राम शिक्षा केंद्रों की स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में ब्यावर और जवाजा ब्लॉक के अंतर्गत भी ग्राम शिक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से बाल प्रेरणा शिक्षिका का चयन किया जाएगा, जिसके साथ-साथ सहायक शिक्षण कक्षाएं, डिजिटल कक्षाएं, बालिका शिक्षा, व्यस्क साक्षरता एवं कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।
साथ ही रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान महिलाओं को रोजगार से जोड़ने एवं ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
